सूरजपुर में कलेक्टर एस जयवर्धन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसईसीएल के विभिन्न परियोजनाओं से प्रभावित गांवों की स्थिति पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर सभी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाए। कलेक्टर ने प्रभावित लोगों के पुनर्वास और रोजगार की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। एसईसीएल अधिकारियों के साथ अधिग्रहित भूमि और मकानों के मुआवजे पर विस्तृत चर्चा की गई। खुली खदान परियोजना के 3 गांव प्रभावित एसईसीएल भटगांव क्षेत्र के मदन नगर खुली खदान परियोजना के तहत मदननगर, कनक नगर और जगन्नाथपुर गांव प्रभावित हैं। इसके अलावा भटगांव परियोजना से बरोधी और कप्सरा गांव तथा बिश्रामपुर के आमगांव ओपन कास्ट परियोजना से साल्ही और पटना गांव प्रभावित हैं। बैठक में पुनर्वास स्थल पर भूखंड आवंटन और एकमुश्त मुआवजे के विकल्पों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसमें जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, एसईसीएल के क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री दिलीप बोबडे, प्रभावित गांवों के सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


