दुर्ग जिला में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी दलों को अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां सौंपी गईं। 1 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए तैयार की गई इस सूची में जिले में कुल 12,35,230 मतदाता दर्ज हैं। एसआईआर से पहले दुर्ग जिले में कुल 14,52,509 मतदाता पंजीकृत थे। पुनरीक्षण के दौरान 2,49,065 नाम हटाए गए, जिसके बाद मतदाताओं की संख्या घटकर 12,03,444 रह गई। इसके बाद 31,786 नए मतदाता जोड़े गए और अंतिम प्रकाशन के बाद जिले में मतदाताओं की कुल संख्या 12,35,230 हो गई है। चार माह तक चले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद यह अंतिम सूची जारी की गई। प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशन के बाद जिले में 31,786 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई। वैशाली नगर में 8 हजार से ज्यादा वोटर्स बढ़े हैं। घर-घर सत्यापन से 2.80% बढ़े मतदाता अभियान के दौरान 1,520 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए। कुल 14,52,509 मतदाताओं का मिलान और मैपिंग की गई। 12,03,444 गणना प्रपत्रों का पूर्ण डिजिटलीकरण किया गया। छहों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 11,35,061 मतदाता दर्ज किए गए, जो ड्राफ्ट सूची की तुलना में 2.80% की वृद्धि दर्शाते हैं। घर-घर सर्वे में मृत और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए गए बीएलओ की ओर से किए गए सर्वे में मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा दो स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की पहचान कर उनके नाम हटाए गए। दावे और आपत्तियां 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 के बीच प्राप्त हुईं, जिनका निराकरण 14 फरवरी 2026 तक कर लिया गया। जिन मतदाताओं के गणना फॉर्म वापस नहीं आए, उनकी सूची विधानसभा क्षेत्रवार जिला प्रशासन की वेबसाइट पर प्रकाशित की गई थी। विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की स्थिति भिलाई नगर और वैशाली नगर में सबसे अधिक वृद्धि विधानसभा क्षेत्रवार अंतिम मतदाता संख्या इस प्रकार है: पाटन : 2,05,556 दुर्ग ग्रामीण : 1,95,368 दुर्ग शहर : 1,93,311 भिलाई नगर : 1,27,023 वैशाली नगर : 2,09,545 अहिवारा : 2,04,258 सबसे अधिक वृद्धि भिलाई नगर (4.94%) और वैशाली नगर (4.31%) में दर्ज की गई। 1742 बीएलओ ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि अभियान को समय सीमा में पूरा करने के लिए 6 निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO), 164 सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (AERO), 1742 बीएलओ, 3030 बूथ लेवल एजेंट की ड्यूटी लगाई गई थी। ऐसे करें अपना नाम जांच मतदाता निम्न माध्यमों से अपनी जानकारी देख सकते हैं: जिला प्रशासन की वेबसाइट: https://durg.gov.in मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की वेबसाइट: https://ceochhattisgarh.nic.in मतदाता पोर्टल: https://voters.eci.gov.in ECINET ऐप संबंधित बीएलओ या निर्वाचन कार्यालय फॉर्म-6 और फॉर्म-8 से कर सकते हैं आवेदन यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकता है। नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। प्रशासन ने अपील की है कि 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा आगामी संशोधनों में अपना नाम अवश्य जुड़वाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित न रहे।


