मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर एसपी रत्ना सिंह ने सोमवार देर रात चिरमिरी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और व्यापारियों की समस्याओं-सुझावों पर चर्चा करना था। बैठक में व्यापारियों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को खुलकर रखा। उन्होंने चिरमिरी थाना प्रभारी विजय सिंह की कार्यशैली और सक्रिय पुलिसिंग की विशेष सराहना की। व्यापारियों ने बताया कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में अपराध नियंत्रण बेहतर हुआ है और असामाजिक तत्वों में कानून का भय बढ़ा है। एसपी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नशे के अवैध कारोबार, जुआ और सट्टा जैसे अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही। एसपी ने यह भी कहा कि व्यापारियों को भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। अपने दौरे के दौरान पुलिस अधीक्षक ने हल्दीबाड़ी क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को बाजार क्षेत्र में यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए। एसपी ने जाम की स्थिति से बचने के लिए बेहतर पार्किंग प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरे से स्थानीय व्यापारियों ने उम्मीद जताई है कि पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में और सुधार होगा।


