SP विकास सांगवान ने किया कंचनपुर थाने का निरीक्षण:कार्यप्रणाली, लंबित मामलों और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने गुरुवार को भरतपुर से लौटते समय कंचनपुर थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से थाने में हलचल मच गई और पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। एसपी ने थाने की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों और अपराध नियंत्रण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एसपी सांगवान ने थाना प्रभारी रामकिशन यादव से सक्रिय अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और वांछित आरोपियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र में अपराधियों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसपी ने लंबित मामलों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने पर जोर दिया, ताकि आमजन को शीघ्र न्याय मिल सके। एसपी ने थाने के रिकॉर्ड रूम और कंप्यूटर कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डिजिटल रिकॉर्ड को अद्यतन रखने, एफआईआर और अन्य दस्तावेजों की ऑनलाइन एंट्री समय पर करने तथा तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने थाने की मेस का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान थाने की बैरक का भी जायजा लिया गया। एसपी ने पुलिसकर्मियों के रहने की व्यवस्था, साफ-सफाई और अनुशासन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य वातावरण से पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे। एसपी ने थाने में तैनात नए पुलिसकर्मियों से उनके प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्वागत कक्ष का निरीक्षण करते हुए महिला कॉन्स्टेबलों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली। एसपी सांगवान ने थाना स्टाफ को टीम भावना से कार्य करने, आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि अपराध नियंत्रण और जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *