UIT की जमीन पर होली जलाने को लेकर हंगामा:कब्जे की नीयत का आरोप, पुलिस ने करवाया दहन, 2 को शांति भंग में पकड़ा

जैसलमेर के निकटवर्ती अमर सागर गांव में सोमवार शाम को UIT (नगर विकास न्यास) की भूमि पर होलिका दहन को लेकर उपजा विवाद हंगामे में बदल गया। जमीन पर कब्जे की आशंका जताते हुए एक परिवार ने उत्सव का विरोध किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश की और नहीं मानने पर हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया। पुलिस की मौजूदगी में ही विधि-विधान से होलिका दहन संपन्न करवाया गया। पुलिस ने शांति भंग के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया है। कब्जे की नीयत का आरोप, परिवार उतरा विरोध पर घटना सोमवार शाम की है जब अमर सागर गांव में UIT की खाली जमीन पर लोग होलिका दहन की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय निवासी लीलाधर माली ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। लीलाधर का आरोप था कि कुछ लोग होली जलाने के बहाने इस सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने की फिराक में हैं। विवाद बढ़ते ही लीलाधर की पत्नी, बेटियां और दामाद भी मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस की समझाइश रही बेअसर हंगामे की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिवार को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन परिवार हटने को तैयार नहीं हुआ। जब माहौल बिगड़ने लगा, तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर सभी को मौके से खदेड़ दिया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में ही विधि-विधान से होलिका दहन संपन्न करवाया गया। पुलिस ने इस मामले में लीलाधर के दामाद राजेश माली और सवाई सिंह को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। सुरजाराम जाखड़, शहर कोतवाल, जैसलमेर- कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं “अमर सागर में UIT की भूमि पर होलिका दहन को लेकर दो पक्षों में विवाद की सूचना मिली थी। एक पक्ष जमीन पर कब्जे का आरोप लगाकर त्योहार रोकने की कोशिश कर रहा था। मौके पर समझाइश की गई, लेकिन विरोध बढ़ने पर हल्का बल प्रयोग कर उन्हें हटाया गया। शांति भंग करने के आरोप में राजेश माली और सवाई सिंह को गिरफ्तार किया गया है। त्योहार के समय शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *