बलौदाबाजार जिले में एक युवक फर्जी पुलिस बनकर लोगों को धमका रहा था। आरोपी कंधे पर दो-दो स्टार लगाकर खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस का अधिकारी बता रहा था और लोगों से कह रहा था कि अगर किसी को कोई काम हो तो उससे संपर्क करे। सोनाखान पुलिस ने आरोपी रोशन गौतम (29) को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह पुलिस विभाग में नौकरी नहीं करता है और सिर्फ रौब जमाने के लिए वर्दी पहनकर घूम रहा था। वह लखनऊ के कांशीराम कॉलोनी का रहने वाला है। ऐसे हुआ खुलासा मामले का खुलासा तब हुआ जब बुधवार को ग्राम महकम के पुनीराम सागर को उसकी हरकतें संदिग्ध लगीं और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी के पास से उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी, जूते, बेल्ट और टोपी जैसी सामग्री बरामद की है। फर्जीवाड़े पर पुलिस ने किया मामला दर्ज चौकी सोनाखान थाना कसडोल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 108/2025 के तहत धारा 204 बीएनएस में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। पूछताछ में खुल सकते हैं और राज फर्जी पुलिस बनकर घूम रहे इस आरोपी की पृष्ठभूमि और मंशा की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या उसने इस वर्दी का इस्तेमाल किसी अन्य अपराध के लिए किया है या फिर किसी से ठगी की कोशिश की है। आम जनता से सतर्क रहने की अपील इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने आम जनता से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। अगर कोई व्यक्ति पुलिस अधिकारी होने का दावा करे, तो उसकी सही पहचान सुनिश्चित करें और आधिकारिक आईडी कार्ड मांगें।


