बूंदी में बिजली विभाग द्वारा वीसीआर भरने के विरोध में सोमवार को किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली निगम के खिलाफ हल्ला बोल प्रदर्शन किया है। हिंडोली विधायक अशोक चांदना के नेतृत्व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व किसान देवपुरा से कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के लिए रवाना हुए। बीच रास्ते में पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान विधायक की पुलिस के साथ नोकझोंक हुई। हिडोंली इलाके में बिजली विभाग द्वारा वीसीआर भरने की बात से नाराज किसान व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर नाराजगी प्रकट की। इससे पहले हिडोंली विधायक अशोक चांदना को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं मिली तो बूंदी के देवपुरा में एक होटल में किसानों व कार्यकर्ताओं की सभा हुई। इस दौरान हिंडोली विधायक अशोक चांदना ने कहा कि बिजली विभाग कथित रूप से वीसीआर के नाम पर किसानों को परेशान कर रहे हैं। पूरे जिले में भरी गई वीसीआर में से आधी से अधिक हिडोंली क्षेत्र की है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता और ग्रामीणों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेंगे। वर्तमान सरकार किसानों का शोषण कर रही है। बिजली चोरी के नाम पर अवैध वीसीआर भर कर उपभोक्ताओं पर बिजली चोरी के नाम पर भारी जुर्माना लगाया जा रहा है। हम सभी इसका विरोध करते हैं। पैदल मार्च को रोका पुलिस से झड़प
किसान व कार्यकर्ता विधायक अशोक चांदना के नेतृत्व में होटल से पैदल मार्च करते हुए जिला कलेक्ट्रेट की और रवाना हुए। इसी दौरान पुलिस ने लोगों को कॉलेज तिराहे पर रोक लिया। यहां लोग जिला कलेक्टर को मौके पर ही बुलाने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान किसानों के साथ पुलिस की झड़प व धक्का मुक्की भी हुई। बेरिकेट हटाने को लेकर विवाद बढ़ा तो पुलिस ने चांदना सहित एक दर्जन कार्यकर्ताओं को हिरासत मे ले लिया। बाद में सभी को रामगंज बालाजी पर ले जाकर छोड़ दिया। प्रशासन से नहीं मिली थी अनुमति
इससे पहले हिडोंली विधायक अशोक चांदना ने कथित वीसीआर भरने को लेकर जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। इसको लेकर पुलिस ने अनुमति नहीं देने से चांदना सहित अन्य नेता व कार्यकर्ताओं ने एक होटल में सभा की ओर पैदल ही कलेक्ट्रेट की तरफ कूच किया। चांदना का आरोप है कि बिजली विभाग उनके विधानसभा क्षेत्र के लोगों को कथित बिजली चोरी के नाम पर परेशान कर रहा है। बिजली विभाग ने पूरे जिले मे जितना जुर्माना किया है, उसमें से आधे से ज्यादा हिडोंली क्षेत्र के लोगों पर लगाया है।


