27 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली फिल्म Yadav Ji Ki Love Story को लेकर भीलवाड़ा में यादव (अहीर) समाज ने कड़ा विरोध किया है।समाज के प्रतिनिधियों ने इस संबंध में आज जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर को शिकायत की ओर फिल्म के प्रदर्शन पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। समाज को आपत्तिजनक एवं गलत तरीके से प्रस्तुत किया समस्त यादव (अहीर) समाज, भीलवाड़ा के पदाधिकारियों की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि फिल्म के प्रचार-प्रसार, पोस्टर, ट्रेलर एवं सोशल मीडिया सामग्री से यह प्रतीत होता है कि इसमें यादव समाज को आपत्तिजनक एवं गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस प्रकार की प्रस्तुति से समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं और विभिन्न क्षेत्रों में रोष एवं असंतोष की स्थिति बन रही है। फिल्म के रिलीज होने से शांति भंग का अनुमान शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि फिल्म का प्रदर्शन बिना जांच के किया जाता है तो सामाजिक वैमनस्य एवं तनाव बढ़ सकता है साथ ही विभिन्न समुदायों के बीच शांति भंग होने, कानून एवं व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने तथा सार्वजनिक अशांति फैलने की आशंका जताई गई है। उचित कार्रवाई नहीं होने तक फिल्म रिलीज पर रोक की मांग यादव समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर उचित जांच करवाई जाए तथा जांच पूर्ण होने तक फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने हेतु आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाए। उन्होंने यह भी कहा है कि वे आवश्यक साक्ष्य, पोस्टर, सोशल मीडिया लिंक एवं अन्य संबंधित सामग्री उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं।समाज के पदाधिकारियों ने प्रशासन से इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।


