बड़वानी जिले के अंजड़ में गुरुवार देर रात मुरूम लेकर जा रहा एक तेज रफ्तार डंपर हनुमान मोहल्ला बायपास रोड पर अनियंत्रित होकर एक गटर में उतर गया। इस दौरान सड़क किनारे बैठे कुछ लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद एक अन्य डंपर के मौके पर पहुंचने पर स्थानीय निवासियों ने दोनों डंपरों को सड़क पर खड़ा कर जाम लगा दिया। लगभग डेढ़ से दो घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा और दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। पूर्व पार्षद कुलदीप पाटीदार और अजय पाटीदार सहित अन्य लोगों ने सीवरेज लाइन की खुदाई के बाद सड़क की मरम्मत न होने पर नाराजगी व्यक्त की। निवासियों ने नगर परिषद अध्यक्ष मांगीलाल मुकाती और थाना प्रभारी आरआर चौहान के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने मांग की कि जब तक सड़क का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक डंपरों को हटाने नहीं दिया जाएगा। काफी देर तक समझाइश के बाद, नगर परिषद अध्यक्ष मुकाती और स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि प्रवीण पाटीदार ने दो-चार दिनों में सड़क मरम्मत का कार्य शुरू करवाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग डंपरों को हटाने पर सहमत हुए। यह घटना नगर के बायपास रोड स्थित हनुमान मोहल्ले में हुई, जहां एक के पीछे एक दो डंपर मुरूम भरकर जा रहे थे। आगे चल रहे डंपर का अगला पहिया सीधे नाली में उतर गया। ग्रामीणों ने रात के समय रॉयल्टी बचाने के लिए अवैध उत्खनन के आरोप भी लगाए हैं। समझाइश और आश्वासन के बाद मोहल्लेवासी माने और क्रेन बुलाकर नाली में फंसे डंपर को बाहर निकाला गया। दोनों डंपरों को जब्त कर थाने पहुंचाया गया। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष मांगीलाल मुकाती और थाना प्रभारी आरआर चौहान दल-बल के साथ उपस्थित रहे। उल्लेखनीय की बारिश के बाद नगर में रास्तों की हालत काफी बदतर हो चुकी है जिसके कारण लोगों को आवागमन करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वही बात करें सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए डाले जाने वाली पाइपलाइन की तो पाइपलाइन बिछाई के लिए अनेकों स्थान पर खुदाई की गई ओर रोड को खोलकर आधा अधूरा रिपेयरिंग कर दिया है वहीं जिसका फिलहाल काम बंद है।


