अंडरग्राउंड पाइप से वेस्टेज बुड्‌ढा दरिया में बहा रहे थे, 8 डेयरी संचालकों पर पर्चा

बुड्ढा दरिया में गंदगी फैलाने के मामले में फिल्लौर बांध विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर थाना डिवीजन-7 में आठ डेयरी संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि इन डेयरी संचालकों ने अपनी डेयरियों का वेस्टेज सीधे बुड्ढा दरिया में फेंका, जिससे दरिया प्रदूषित हो रहा था। थाना डिवीजन-7 के जांच अधिकारी जनक राज ने बताया कि सुरिंदर कुमार रौमी, धर्मा गुज्जर, मंगल डेयरी, बंटी डेयरी, मंगा सहगल, भूषण डेयरी, जोनी डेयरी और सोनू डेयरी के खिलाफ पर्चा दर्ज किया गया हैं। इन सभी के खिलाफ उत्तरी भारत नहर और जल निकासी अधिनियम 1873 के तहत धारा 70(3), 70(5) और 70(12) के तहत कार्रवाई की गई है। इन डेयरी संचालकों ने अंडरग्राउंड पाइप फिटिंग करवाई थी, जिससे वेस्टेज सीधा बुड्ढा दरिया में डाला जा रहा था। कनेक्शन काटने के बाद भी बिजली सप्लाई जारी थी कुछ दिन पहले प्रशासन ने खुदाई कर इन पाइपों को उखड़वा दिया था, इसके बावजूद यह अवैध कनेक्शन जारी रहे। वीरवार को राज्यसभा सांसद और पर्यावरण प्रेमी संत बलबीर सिंह सीचेवाल और उनकी टीम ने भी इन डेयरी संचालकों द्वारा लगाए गए पाइप हटाए थे। संत सीचेवाल ने कार्रवाई की चेतावनी दी थी, जिसके बाद अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। साथ ही, बिजली कनेक्शन मानदंडों का उल्लंघन करने पर इन डेयरी संचालकों के बिजली कनेक्शन पहले ही काट दिए गए थे। इसके बावजूद अवैध रूप से बिजली की आपूर्ति जारी रही। अब प्रशासन द्वारा इन सभी अवैध कनेक्शनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *