अंतरजातीय विवाह करने पर युवक के घर में लगाई आग:पुलिस टीम ने पाया काबू, पठानकोट में लड़की के दादा सहित 3 गिरफ्तार

पठानकोट जिले के थाना सदर के अंतर्गत आने वाले शामली गांव में अंतरजातीय विवाह करने पर एक युवक के घर में आग लगा दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग बुझाई और इस मामले में लड़की के दादा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना तब सामने आई जब पुलिस को शामली गांव में एक घर में आग लगने की सूचना मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और परिवार के साथ मिलकर आग बुझाने में मदद की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह आगजनी अंतरजातीय विवाह के विरोध स्वरुप हुई। लड़की पक्ष के लोगों पर आरोप पुलिस के अनुसार, आकाश नामक युवक ने सोनिया नामक युवती से अंतरजातीय विवाह किया था। इसी बात से नाराज होकर लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के के घर को आग के हवाले कर दिया। घटना का मुख्य आरोपी लड़की का दादा मुलखराज बताया गया है, जिसने कथित तौर पर तेल छिड़ककर माचिस से घर में आग लगाई। एसपी सुखविंदर पाल सिंह ने बताया कि अगर पुलिस टीम समय पर न पहुंचती तो आग पूरे गांव में फैल सकती थी। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच में अंतरजातीय विवाह को ही मुख्य वजह पाया गया। पीड़ित पक्ष के बयानों के आधार पर थाना सदर में एफआईआर नंबर 131 दर्ज की गई है। पुलिस ने मुलखराज सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने चेतावनी दी कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *