अंतरराज्यीय ड्यूज बॉल क्रिकेट: नागपुर को 52 रनों से हरा कर कोरबा सेफा में

भास्कर न्यूज | अंबागढ़ चौकी अंतरराज्यीय ड्यूज बॉल क्रिकेट स्पर्धा के तीसरे दिन ग्रुप ए के दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में छत्तीसगढ़ की एमसीए कोरबा ने महाराष्ट्र नागपुर की टाइगर क्लब को बड़ी आसानी से 52 रनों से शिकस्त देकर ग्रुप के पहले सेमीफाइनल में जगह बना ली। ग्रुप ए के सेमीफाइनल मैच में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की दो नामचीन टीम डीसीए राजनांदगांव व एमसीए कोरबा के मध्य मुकाबला होगा। प्रतियोगिता के तीसरे दिन ग्रुप ए के दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में गुरुवार को दो राज्य छत्तीसगढ़ व महाराष्ट्र की दो टीमों के मध्य सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भिड़ंत हुई। दोनों टीमों कोरबा व नागपुर को आयोजक समिति ने एक-एक बाई देकर सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश दिया था। एक घंटे विलंब से प्रारंभ हुए क्वार्टर फाइनल मैच में छत्तीसगढ़ की कोरबा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कोरबा ने निर्धारित बीस ओवर में सात विकेट खोकर नागपुर को जीत के लिए 171 रनों का विशाल लक्ष्य दिया। पीयूष ने 34 गेंदों में सर्वाधिक 73 रन बनाए। नागपुर की ओर से सुभाष ने दो विकेट लिए। जवाब में नागपुर की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। नागपुर के बल्लेबाज रनों का टारगेट बनाए रखने के लिए मैदान में आते गए और ज्यादा कुछ योगदान दिए बिना ही लौटते गए। नागपुर की पूरी टीम निर्धारित ओवरों से दो ओवर पहले ही 118 रन बनाकर आल आउट हो गई। कोरबा की ओर से अमि शाह ने शानदार चार विकेट लिया। कोरबा के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही नागपुर के बल्लेबाजों को अपनी फिरकी में फसा कर रखा। नागपुर के बल्लेबाज रनों का औसत बढ़ाने के चक्कर में एक-एक कर पेवेलियन लौटते गए। पूरी टीम जीत के लक्ष्य से पचास रनों से पूर्व ही पेवेलियन लौट आई। मैच में अंपायर सपन काकड़े व हेमंत ठाकुर और कॉमेंट्रेटर प्रज्ञारत्न गोडबोले व स्पोटर्स आफिसर डफ मोरध्वज सोनवानी व विकास मानिकपुरी थे। मैच में दौरान खेल का आनंद उठाने सैकड़ों क्रिकेट प्रेमी उपस्थित थे। ग्रुप ए के दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में एमसीए कोरबा के पीयूष सिदार रहे। पीयूष ने अपनी टीम के लिए मात्र 34 गेंदों में 73 रनों की धुंआधार पारी खेली थी। पीयूष को स्व. राजकिशोर देवी व स्व कौशल्या देवी श्रीवास्तव की स्मृति में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार एक हजार नकद व ट्राफी नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी व पार्षद विनोद डेहरिया ने प्रदान किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *