डीडवाना-कुचामन पुलिस ने एक अंतरराज्यीय पशु चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देश पर पीलवा थाना टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रतन, जीवण, उगमाराम, शिशपाल, महावीर और हरि उर्फ गुल्ली उर्फ गुल्या शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में इन आरोपियों ने डीडवाना-कुचामन, नागौर और अजमेर जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गाय, भैंस, भेड़ और बकरी सहित 16 से अधिक पशु चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ जारी है। चोरी किए गए पशुओं की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने बताया कि जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पशु चोरी जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।


