टीकमगढ़ के शिव धाम कुंडेश्वर में अंतरराज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन जारी है। गुरुवार को टूर्नामेंट के दो सेमीफाइनल मैच खेले गए, जिसमें गुरु क्लब भोपाल और ब्राइट क्लब टीकमगढ़ ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। पहला सेमीफाइनल मैच गुरु क्लब भोपाल और बलिया के बीच खेला गया। मैच के पहले हाफ में गुरु क्लब ने एक गोल कर बढ़त बनाई। दूसरे हाफ में टीम ने दो और गोल दागे। इस तरह गुरु क्लब ने यह सेमीफाइनल मैच 3-0 से जीत लिया। दूसरा सेमीफाइनल मैच ब्राइट क्लब टीकमगढ़ और महू इंदौर के बीच हुआ। इस मुकाबले में ब्राइट क्लब के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एक के मुकाबले पांच गोल दागकर मैच अपने नाम किया। यह सेमीफाइनल शाम 5:15 बजे समाप्त हुआ। टूर्नामेंट के संयोजक दिनेश खटीक ने बताया कि गुरुवार के मैचों में भाजपा नेता विवेक चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया। बड़ी संख्या में दर्शक सेमीफाइनल मुकाबले देखने मैदान में पहुंचे थे। दिनेश खटीक ने आगे बताया कि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को गुरु क्लब भोपाल और ब्राइट क्लब टीकमगढ़ के बीच खेला जाएगा। फाइनल मैच दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। समापन पर विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।


