अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस पर संगोष्ठि आयोजित:कलेक्टर, एसपी, जज और अधिवक्ताओं ने रखे अपने विचार, मानव अधिकारों की अहमियत बताई

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस के अवसर पर बुधवार को मल्टीपरपस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। पुलिस विभाग के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (एसपी), जज और अधिवक्ता वक्ता के रूप में शामिल हुए और अपने विचार रखे। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने अपने संबोधन में कहा कि मानव अधिकार मानवता, समानता और गरिमा का प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान ने प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकार प्रदान किए हैं। कलेक्टर मंडावी ने इस बात पर जोर दिया कि अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे के पूरक होते हैं, और सभी को अपने अधिकारों के प्रति सजग और सचेत रहना चाहिए। एसपी ने मानव अधिकारों की रक्षा पर जोर दिया पुलिस अधीक्षक एसआर भगत ने कहा कि मानव अधिकारों का उल्लंघन होने पर अपनी आवाज बुलंद करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों को जानने, समझने और अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन करने का आह्वान किया। अपर जिला सत्र न्यायाधीश ने विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी दी कार्यक्रम में अपर जिला सत्र न्यायाधीश ज्योति अग्रवाल ने कहा कि मानव अधिकार मनुष्य की गरिमा, कल्याण और विकास पर आधारित हैं। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के लिए जागरूक रहने, अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी पालन करने और देश के कानून का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने मानव अधिकार के उल्लंघन होने पर उन्हें संरक्षित करने के लिए गठित मानव अधिकार आयोग की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने आयोग की अनुशंसा पर कमजोर आंखों वाले बच्चों को कक्षा में सबसे आगे बैठाने और नर्सिंग एक्ट बनाए जाने की जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने गरीब एवं कमजोर वर्गों के लिए राष्ट्रीय, राज्य, उच्च न्यायालय, जिला एवं तालुका स्तर पर संचालित निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं के बारे में भी बताया। मानव अधिकारों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार व्यक्त किए इसी क्रम में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारीमहेश बाबू साहू और जिला बार काउंसिल के सचिव अधिवक्ता पवन त्रिपाठी ने भी मानव अधिकारों के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे सहित कई अधिवक्तागण, एनसीसी और डाइट के विद्यार्थी और नागरिकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल ने सभी का आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *