जांजगीर | चांपा-लछनपुर की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित एक अंधा मोड़ इन दिनों वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। इस मोड़ पर न तो कोई सांकेतिक बोर्ड लगाया गया है और न ही गति सीमा या चेतावनी संबंधी संकेत मौजूद हैं। इससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को समय रहते सतर्क होने का मौका नहीं मिल पाता। रात के समय और बारिश या कोहरे के दौरान यह मोड़ और भी खतरनाक हो जाता है। सड़क के दोनों ओर पेड़-पौधे उग जाने से सामने से आ रहे वाहन दिखाई नहीं देते। इससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। इस सड़क से रोजाना स्कूल बसें, दोपहिया वाहन, ट्रैक्टर और भारी वाहन गुजरते हैं। अचानक सामने से वाहन आ जाने पर कई बार चालक संतुलन खो बैठते हैं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने इस मोड़ पर शीघ्र चेतावनी बोर्ड लगाने और झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की है।


