अंबिकापुर की घटना:दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर सनकी प्रेमी ने युवती को चाकू से गोदकर मार डाला

दशहरे के दिन ही चोपड़ापारा रिंग रोड के गुरुकृपा पेट्रोल पंप में सनकी प्रेमी ने युवती को चाकू से गोदकर मार डाला। पेट्रोल पंप पर बलरामपुर जिले के चांदो ग्राम मंगाजी निवासी विद्यावती टोप्पो उर्फ भारती (22) काम करती है। गुरुवार को भुलसी निवासी योगेंद्र पैकरा (28) पंप पर पहुंचा। उसने मोटरसाइकिल उसी नोजल स्टेशन पर लाकर रोकी, जिसे विद्यावती ऑपरेट कर रही थी। इसके पहले की युवती कुछ समझ पाती कि योगेंद्र ने कमर से चाकू निकाला और उस पर हमला कर दिया। विद्यावती चाकू का वार होते ही सड़क की तरफ भागी, लेकिन आरोपी योगेंद्र ने उसे दबोच लिया। इस बीच, उसे बचाने के लिए पंप का कर्मचारी संतोष सामने आया तो उस पर भी हमला कर दिया। चाकू के वार से संतोष का पंजा कट गया। इसके बाद आरोपी ने युवती के सीने पर कई बार वार किया। युवती के चीखने की आवाज सुनकर घटना के दौरान पंप पर पहुंचे दुकानदार गुरुदेव सिंह व अरुण प्रताप सिंह ने हमलावर युवक का पीछा किया तो आरोपी ने उन पर एयरगन से फायर कर दिया। एक दुकानदार ने हिम्मत दिखाकर डंडे से उसके हाथ पर मारा, तो चाकू गिर गया। इसके बाद आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कुछ लोग घायल युवती को मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एयरगन जब्त कर ली है।
एक दिन पहले भी पंप में हुआ था विवाद
योगेंद्र पैकरा बुधवार की दोपहर भी पेट्रोल पंप पर बाइक से पहुंचा था। यहां भी योगेंद्र ने मोबाइल पर बात न करने की बात कही, तो दोनों के बीच जमकर बहसबाजी हुई। इस बीच योगेंद्र ने युवती का मोबाइल छीन लिया और चेक करने लगा। कुछ देर बाद काफी गुस्से में चला गया। आरोपी नशे में है, पूछताछ की जा रही
आरोपी योगेंद्र पैकरा चांदो भुलसी गांव का रहने वाला है। युवती भी इसी इलाके की है। आरोपी नशे में है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। युवती के घर वालों से पूछताछ के बाद पूरी बात साफ हो जाएगी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे अभी पूरी पूछताछ नहीं हो पाई है।
प्रदीप कुमार जायसवाल, टीआई, गांधी नगर थाना, अंबिकापुर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *