अंबिकापुर में बस ने खड़े ट्रक को मारी टक्कर:ड्राइवर की मौत, हेल्पर दूर जा गिरा, हादसे के बाद मछली लूट ले गए ग्रामीण

अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़े ट्रक को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक ड्राइवर नीचे गिर गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। ड्राइवर के साथ खड़ा खलासी उछलकर दूर जा गिरा। उसे भी चोटें आई हैं। ट्रक में मछली लोड थी, जिसे लूटने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मामला उदयपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे-130 पर मछली लोड कर अंबिकापुर की ओर आ रहा माजदा ट्रक क्रमांक सीजी 16 सीई 7423 मंगलवार तड़के ट्रक उदयपुर थाने से कुछ दूर विशुनपुर पहुंचा और डीजल खत्म होने के कारण बंद हो गया। ट्रक ड्राइवर दिलीप कुमार यादव (31) ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। ट्रक को फिर से चालू करने के लिए चालक ने केबिन खोला और पंप चला रहा था, ताकि डीजल इंजन तक पहुंचे और वह पेट्रोल पंप तक पहुंच सके। बस ने खड़े ट्रक को मारी टक्कर नेशनल हाईवे पर रायपुर से तेज रफ्तार अंबिकापुर की ओर जा रही नवीन बस क्रमांक सीजी 04 एमजे 5713 ने नेशनल हाईवे के किनारे खड़े ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का चालक दिलीप कुमार यादव केबिन से नीचे गिर गया और ट्रक के नीचे आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर मौत हो गई। ट्रक का खलासी मोबाइल का टार्च चालू कर लाइट दिखा रहा था। बस की टक्कर से वह उछलकर नीचे जा गिरा, जिससे उसे भी चोटें आई हैं। हालांकि उसकी जान बच गई। बस की टक्कर के बाद ट्रक पर चलते हुए नीचे उतरकर आधा पलट गया। हादसे के बाद बच करीब 100 मीटर आगे जाकर रुक गई। मछली लूटने पहुंचे ग्रामीण, पुलिस ने यात्रियों को भेजा हादसे के बाद ट्रक में लोड मछलियां भी बिखर गईं। इसकी सूचना ग्रामीणों को मिली तो वे बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और मछली लूटकर ले गए। हादसे की सूचना पर उदयपुर थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने दूसरी बसों को रोककर नवीन बस के सवारों को अंबिकापुर भेजने की व्यवस्था की। पुलिस ने मामले में बस के चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मृतक चालक दिलीप कुमार यादव के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *