झालावाड़ के अकलेरा उपखंड में शनिवार को विद्युत और पुलिस विभाग ने अवैध ट्रांसफॉर्मरों के खिलाफ सघन विजिलेंस चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता विशंबर सहाय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के नेतृत्व में चलाया गया। चैकिंग के दौरान हानोति, पौली, मिश्रोली पाडलिया, खारपा, परपती, किशनपुरिया, कोटडी झर, घाटोली और थरोल सहित एक दर्जन से अधिक गांवों में दबिश दी गई। इस दौरान कुल 15 अवैध ट्रांसफॉर्मर जब्त किए गए और कई किलोमीटर लंबी अवैध विद्युत लाइनें हटाई गईं। जांच में सामने आया कि ये ट्रांसफॉर्मर बिना विभागीय अनुमति के लगाए गए थे, जिससे विद्युत सुरक्षा को खतरा था और राजस्व का भी नुकसान हो रहा था। ‘ऑपरेशन ऊर्जा प्रहार’ के तहत की गई इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस प्रशासन की ओर से वृत्ताधिकारी (अकेलेरा) बृजेश कुमार जाट प्रभारी अधिकारी थे, जबकि विद्युत विभाग से ग्रामीण अधिशासी अभियंता पंकज सक्सेना नोडल अधिकारी के रूप में शामिल थे। पुलिस दल में अकलेरा, घाटोली और असनावर के थानाधिकारी अपने जाब्ते के साथ मौजूद थे। विद्युत विभाग की टीम में सतर्कता अधिशासी अभियंता के.के. बंसल, सहायक अभियंता देवेंद्र गोदरा, सहायक अभियंता (एचटीएम) अशोक श्योरान, एपीटीपीएस झालावाड़ के थानाधिकारी, कनिष्ठ अभियंता पवन श्रृंगी, श्याम सुंदर सैनी, सोनू मीणा और अकलेरा का समस्त विद्युत स्टाफ शामिल था। अन्य उपखंडों के सहायक और कनिष्ठ अभियंता भी इस अभियान का हिस्सा रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्युत उपकरणों और अनधिकृत विद्युत उपयोग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि वे विद्युत संबंधी कार्य केवल विभागीय नियमों और अनुमति के अनुसार ही कराएं और किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना विभाग को दें।


