पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (पीएयू) के समीप सग्गू चौक पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इसमें तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार को टक्कर मारते हुए कुचल डाला। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जेड ब्लॉक, ऋषि नगर निवासी सुखजिंदर सिंह उर्फ डिंपल(40) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डिंपल, शिरोमणि अकाली दल के नेता बलवीर सिंह के बेटे थे और दो बच्चों के पिता थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुधवार को दोपहर करीब एक बजे महिला ड्राइवर थार से यू-टर्न ले रही थी, तभी उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद डिंपल थार के पिछले पहिए के नीचे आ गए। वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि डिंपल को कुचलने के बाद वह एक बंद दुकान के शटर से जा टकराई, जिससे दुकान को भी काफी नुकसान पहुंचा। महिला ड्राइवर घायल व्यक्ति को तुरंत डीएमसी अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला मौके से फरार हो गई। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन-5 पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार महिला ड्राइवर की तलाश की जा रही है।


