सीकर के खंडेला इलाके में अखंड भारत हिंदू महासभा के प्रमुख को विदेशी नंबरों से कॉल कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। उन्हें मुसलमानों का विरोधी बताकर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस मुख्यालय सीकर और खंडेला पुलिस थाने को मौखिक रूप से अवगत करवा दिया है। कल वह पुलिस में मामला दर्ज करवाएंगे। अखंड भारत हिंदू महासभा प्रमुख बलबीर भारतीय ने बताया कि शाम करीब 4 बजे उनके पास विदेशी नंबर 97437657316 से कॉल आया। नंबर कतर का दिख रहा था। कॉल करने वाले ने उन्हें कहा कि तेरे को जल्द ही जान से खत्म कर देंगे। कॉलर अपने आपको कभी पाकिस्तान का तो कभी कतर का बता रहा था। कॉल करने वाले ने उसे काफिर बताते हुए मुसलमानों का विरोधी बताकर जान से मारने की धमकी दी। इससे पहले भी बलबीर को साल 2022 में नूपुर शर्मा का समर्थन करने पर तीन बार सिर तन से जुदा करने की धमकी दी गई थी। जिसके बाद उन्होंने खंडेला पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया। लेकिन बाद में बलबीर को पुलिस सुरक्षा मुहैया करवाई गई थी। बलबीर का कहना है हाल ही में मिली धमकी के बाद उन्होंने खंडेला पुलिस थाने और जिला पुलिस मुख्यालय पर भी मौखिक शिकायत दे दी है। कल वह पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।


