अखंड संकीर्तन व भागवत कथा का शुभारंभ आज से

भास्कर न्यूज | चिरमिरी धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण के बीच एकता नगर स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में रविवार से पंचकुंडीय श्री रुद्र महायज्ञ, सीताराम नाम अखंड संकीर्तन, श्रीमद् भागवत कथा और कन्या विवाह व शिव विवाह उत्सव का भव्य आयोजन प्रारंभ होगा। यह आयोजन श्री रुद्र महायज्ञ समिति व श्री श्री हनुमान मंदिर सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आचार्य मिथिलेश जी महाराज के पावन सानिध्य में 8 से 16 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। आचार्य मिथिलेश महाराज ने बताया कि 8 फरवरी सुबह भव्य कलश यात्रा के साथ रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ होगा। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण करेंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक चेतना का संचार होगा। इसके बाद यज्ञ मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन प्रारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत 9 फरवरी से प्रतिदिन सायंकाल श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तों को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश मिलेगा। साथ ही पूरे आयोजन अवधि में सीताराम नाम का अखंड संकीर्तन चलता रहेगा, जिससे वातावरण निरंतर भक्ति रस में सराबोर रहेगा। समाज सेवा और संस्कारों को बढ़ावा देने 15 फरवरी को कन्या विवाह का विशेष आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही शिव विवाह उत्सव भी धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर इस पावन अनुष्ठान का साक्षी बनेंगे। महायज्ञ की पूर्णाहुति 16 फरवरी को वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *