अखिलेश बोले-घपलेबाज अफसरों को कुदरत नहीं बख्शेगी:सूरज चौधरी ने कहा- अयोध्या सांसद सिर्फ रोते रहे: मिल्कीपुर पर नेताओं ने क्या कहा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मिल्कीपुर उपचुनाव में हार का ठीकरा योगी सरकार पर फोड़ा है। सोशल मीडिया X पर लिखा- मिल्कीपुर में जिन अधिकारियों ने चुनावी घपलेबाजी का अपराध किया है, वो आज नहीं तो कल अपने लोकतांत्रिक-अपराध की सजा पाएंगे। एक-एक करके सबका सच सामने आएगा। न कुदरत उन्हें बख्शेगी, न कानून। भाजपाई उनका इस्तेमाल करके छोड़ देंगे, उनकी ढाल नहीं बनेंगे। जब उनकी नौकरी और पेंशन जाएगी तो वो अपने बच्चों, परिवार और समाज के बीच अपमान की जिंदगी की सजा अकेले भुगतेंगे। लोकसभा चुनावों में अयोध्या में हुई PDA की सच्ची जीत, उनके मिल्कीपुर के विधानसभा की झूठी जीत पर कई गुना भारी है और हमेशा रहेगी। ये बात भाजपा वाले भी जानते हैं, इसलिए उन्होंने मिल्कीपुर का उपचुनाव टाला था। पीडीए मतलब 90% जनता ने खुद अपनी आंखों से ये धांधली देखी है। चंद्रशेखर की पार्टी के प्रत्याशी सूरज चौधरी ने कहा- अयोध्या संसद घर में बैठकर रोते रहे। पढ़िए मिल्कीपुर में भाजपा की जीत पर नेताओं क्या कुछ कहा… अखिलेश बोले- आंखों में आंखें डालकर जश्न नहीं मना पाएंगे
अखिलेश ने लिखा- ये झूठी जीत है, जिसका जश्न भाजपाई कभी भी आईने में अपनी आंखों में आंखें डालकर नहीं मना पाएंगे। उनका अपराधबोध और भविष्य में हार का डर उनकी नींद उड़ा देगा। एक सीट पर हेराफेरी कर सकते हैं, 403 विधानसभा सीटों पर चार सौ बीसी नहीं चलेगी। पीडीए की बढ़ती शक्ति का सामना भाजपा वोट के बल पर नहीं कर सकती है, इसलिए चुनावी तंत्र का दुरुपयोग करके जीतने की कोशिश करती है। ऐसी धांधली के लिए जिस स्तर पर अधिकारियों की हेराफेरी करनी होती है, वो 1 सीट पर हो संभव है, लेकिन 403 सीटों पर नहीं। योगी बोले- डबल इंजन की सरकार पर जनता का विश्वास
सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कहा- मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव का नतीजा सपा के परिवारवाद और झूठ की राजनीति पर पूर्ण विराम लगाता है। जनता ने डबल इंजन सरकार के सेवा, सुरक्षा और सुशासन के मॉडल को स्वीकार किया है। 61,000 वोटों से भाजपा के चंद्रभान पासवान की विजय इस बात को प्रमाणित करती है कि जनता का विश्वास डबल इंजन की सरकार पर है। अब पढ़िए नेताओं के बयान भाजपा ने बेईमानी का रिकॉर्ड तोड़ दिया: अवधेश प्रसाद सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा- मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने बेईमानी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। हमने कई बार चुनाव आयोग के सामने पूरी बात रखी। हमारी सारी शिकायतें चुनाव में साबित हो रही थी। भाजपा के गुंडे बूथ कैप्चर कर रहे थे, लेकिन चुनाव आयोग ने कुछ नहीं किया। सपा हारने पर बेबुनियाद आरोप लगाती है: ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- मिल्कीपुर में भाजपा जीत रही है। सपा जब भी हारती है तो बेबुनियाद आरोप लगाती है। प्रदेश की जनता यह बात भली-भांति जानती है। यह भाजपा और चुनाव आयोग के गठबंधन की जीत: सपा नेता
सपा नेता उदयवीर सिंह ने कहा- यह भाजपा और चुनाव आयोग के गठबंधन की जीत है। पीठासीन अधिकारियों ने भाजपा के पक्ष में 15 प्रतिशत अतिरिक्त वोट डाला। सपा के एजेंट को बाहर निकाल दिया गया। सरकार ने प्रशासन और पुलिस के जरिए किस तरह से गुंडागर्दी की, वह सबके सामने है। सपा ने सबूतों के साथ आयोग को शिकायत भेजीं, लेकिन आयोग ने एक्शन नहीं लिया। आयोग मर चुका था, इसलिए सपा ने उसे कफन भेजा। सपा आयोग और भाजपा दोनों को जनता के बीच में जाकर एक्सपोज करेगी। जनता सबको सबकुछ नहीं देती: बृजभूषण सिंह भाजपा नेता और कैसरगंज से पूर्व सांसद बृज भूषण सिंह ने कहा कि जनता सबको सबकुछ नहीं देती है। अगर अवधेश प्रसाद अपने बेटे की जगह दूसरे को लड़ाते तो लड़ाई अच्छी होती। अवधेश प्रसाद सिर्फ घर पर बैठकर रोते रहे
आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी सूरज चौधरी ने कहा- शासन-सत्ता का चुनाव हुआ है, पूरी तरह से बेईमानी की गई। एक-एक व्यक्ति ने 10-10 वोट डाले। सपा प्रत्याशी बहुत सक्रिय नहीं हो पाए। उनके पिता जी घर में ही बैठकर रोते रहे। सपा कार्यकर्ताओं को लाठियां खानी पड़ीं। केवल हम ही संघर्ष करते रहे। यह चुनाव निष्पक्ष नहीं हुआ। सपा का अहंकार टूटा: भाजपा सांसद दिनेश शर्मा
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा- मिल्कीपुर का सकारात्मक परिणाम इस बात का प्रतीक है कि सपा का लोकसभा का अहंकार बुरी तरह टूट गया है। उस समय अफवाहों के कारण कई इलाके प्रभावित हुए थे लेकिन अब मिल्कीपुर ने वास्तविकता में भाजपा के काम को स्वीकार किया है। सपा को अपनी हार स्वीकार कर लेनी चाहिए। दिल्ली में भी उनका (विपक्ष का) अहंकार टूट रहा है। भाजपा की सरकार बनने पर यमुना जी साफ होंगी। मंत्री दानिश आजाद बोले- सपा ने भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा, दिल्ली में आम आदमी पार्टी और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी से जनता परेशान हो गई है। इन्होंने जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया। ये स्वीकार्य नहीं है। जनता ने भाजपा पर विश्वास दिखाया है। सपा और AAP को अपनी हार स्वीकार करनी चाहिए। यह सरकार की जीत : कांग्रेस नेता
कांग्रेस नेता संजय तिवारी ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा- यह सरकार की जीत है। 5 फरवरी को जिस तरीके से वोटिंग करवाई गई, वह लोकतंत्र के लिए बेहद दुखद है। राजभर बोले- अखिलेश के पास कहने को कुछ नहीं बचा
मंत्री ओपी राजभर ने कहा- बहुत पहले कहा था, वहां की नब्ज टटोली थी। लोगों को विकास रूपी दूध चाहिए। विकास रूपी दुधारू गाय लेकर सरकार चुनाव लड़ी। जनता ने दुधारू गाय को वोट दिया। अखिलेश यादव के पास कुछ कहने को नहीं बचा। देश की जनता मोदी पर विश्वास कर रही है। जनता मोदी के कामों पर विश्वास कर रही है। DM-SDM ने भाजपा का एजेंट बनकर काम किया: आनंद
सपा युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह मिंटू ने कहा- भाजपा की जीत पर डीएम, एसडीएम, सीओ साहब और थानाध्यक्षों को पटाखे मंगवा लेने चाहिए। क्योंकि इन लोगों ने भाजपा का एजेंट बनकर काम किया। सभी बधाई के पात्र हैं। अधर्म के खिलाफ धर्म की जीत: भाजपा प्रत्याशी
भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी की जनकल्याणकारी योजनाओं को हमने जनता तक पहुंचाया। इन योजनाओं से प्रभावित होकर लोगों ने वोट दिया। जनता ने सनातन धर्म की रक्षा के लिए मतदान किया। यह अधर्म के खिलाफ धर्म की जीत है। ———————— मिल्कीपुर उपचुनाव रिजल्ट की खबर पढ़िए… अयोध्या हार का बदला, BJP ने सपा से मिल्कीपुर छीना:61 हजार वोट की सबसे बड़ी जीत; सपा प्रत्याशी अपने बूथ पर हारे अयोध्या हार का बदला भाजपा ने मिल्कीपुर जीत कर ले लिया। 8 साल बाद सपा से मिल्कीपुर विधानसभा छीन लिया। भाजपा ने मिल्कीपुर में अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी चंदभानु पासवान ने सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद को 61 हजार 540 वोट से हराया…(पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *