संसद के शीतकालीन सत्र के 7वें दिन मंगलवार को लोकसभा में चुनाव सुधारों और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) पर चर्चा हो रही है। इसके लिए 10 घंटे का समय दिया गया है। इस बहस की शुरूआत लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी करेंगे। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल 10 दिसंबर को इसका जवाब देंगे। इस दौरान सपा यूपी में SIR में जल्दबाजी और BLO की मौत का मुद्दा उठाएगी। अखिलेश यादव सहित कांग्रेस के सांसद इसे लेकर चुनाव आयोग को आड़े हाथों लेंगी। बता दें कि यूपी में 15.44 करोड़ मतदाता है। अभी तक 90 प्रतिशत से अधिक एसआईआर के फॉर्म भरे जा चुके हैं। चर्चा से पहले अखिलेश ने कहा- ‘मैं यह दावे के साथ कह सकता हूं कि किसी BLO को कोई ट्रेनिंग नहीं दी गई है। BLO को यह तक नहीं पता है कि कौन सा फॉर्म किसे देना है। हमने देखा है कि दिल्ली के एक वोटर ने 2 जगहों पर वोट डाला था। SIR के नाम पर NRC हो रही है। यहां सोची समझी साजिश के तहत नाम निकालकर हिरासत केंद्र में भेजे जाने की बात हो रही है।’ दरअसल, SIR को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। आरोप है कि अधिक दबाव के कारण BLO खुदकुशी कर रहे हैं या उनकी मौत हो रही है। इधर, बिहार चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाली NDA की रिकॉर्ड जीत के बाद विपक्ष एक बार फिर सरकार पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगा रहा है। संसद में यूपी के सांसदों की एक्टिविटी के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…


