मौसम विभाग के मुताबिक 10 अगस्त को कई जगहों पर गर्जन और तेज हवाओं के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी भागों में भारी बारिश का भी पूर्वानुमान है। 11 और 12 अगस्त को राज्य में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम दर्जे की वर्षा की संभावना है। 12 अगस्त को भी कुछ हिस्सों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तापमान में आई है मामूली गिरावट झारखंड के विभिन्न जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। रांची में अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री और न्यूनतम 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, चाईबासा में अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहा। गढ़वा में 32.9 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य में कई स्थानों पर बीते 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसमें सबसे ज्यादा बारिश बोकारो में 79.5 मिमी और चाईबासा में 60.0 मिमी दर्ज की गई। 13 अगस्त के बाद मौसम में बदलाव 13 अगस्त को राज्य के दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है, जबकि बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। 14 और 15 अगस्त को बारिश की संभावना कम हो जाएगी और मौसम सामान्य होने की उम्मीद है। झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 56.0 मिमी बारिश मसानजोर दुमका में रिकॉर्ड की गई। चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। फिर होगा लो प्रेशर एरिया का असर मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, मानसून की टर्फ रेखा भटिंडा, रोहतक, दिल्ली, हरदोई, बाराबंकी, डेहरी, बांकुड़ा, कांथई होते हुए बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्वी भाग तक सक्रिय है। इसके अलावा, पश्चिम उत्तर प्रदेश से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। जबकि दक्षिण बिहार और झारखंड के उत्तरी हिस्सों में 3.1 किमी ऊंचाई पर एक अन्य अपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है। विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य भाग में एक निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। संथाल के जिलों में चढ़ेगा पारा मौसम विभाग के आंकड़े के अनुसार आज उत्तर-पूर्वी झारखंड में गोड्डा और पाकुड़ सबसे गर्म रह सकता है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। वहीं, धनबाद, दुमका, देवघर और साहिबगंज में पारा 33 डिग्री तक रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो इन इलाकों में यह 26 से 27 डिग्री के बीच रहने वाला है।


