भास्कर न्यूज | नरियरा नगर पंचायत नरियरा स्थित जेएसडब्ल्यू पावर प्लांट परिसर में पारंपरिक लोक पर्व लोहड़ी बड़े उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाई गई। पावर प्लांट प्रबंधन, अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय माहौल से भर गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि से लोहड़ी जलाकर की गई। उपस्थित लोगों ने अग्नि के चारों ओर परिक्रमा करते हुए तिल, गुड़, रेवड़ी और मूंगफली अर्पित की और सुख‑समृद्धि, खुशहाली और आपसी सौहार्द की कामना की। लोहड़ी पर्व को नई फसल, परिश्रम और सामूहिक एकता का प्रतीक माना जाता है, जिसे जेएसडब्ल्यू पावर प्लांट परिवार ने आत्मीयता के साथ मनाया। इस दौरान पारंपरिक पंजाबी गीतों और लोक संगीत की मधुर धुनों पर कर्मचारियों और परिजनों ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया। अधिकारी वर्ग से लेकर स्टाफ सदस्यों तक सभी ने कार्यक्रम में बढ़‑चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे आयोजन और भी आकर्षक बन गया। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम कार्यस्थल पर सकारात्मक माहौल बनाते हैं और आपसी सहयोग व एकता को मजबूत करते हैं। भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को प्रसाद और पारंपरिक व्यंजन वितरित किए गए। इस अवसर पर सी.एन. सिंह, जितेंद्र त्रिपाठी, अभिषेक शर्मा सहित विभिन्न विभागों के इंजीनियर और कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सी.एन. सिंह ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया।


