जयपुर के शास्त्री नगर स्थित अग्रसेन पब्लिक स्कूल और सरस्वती सीनियर स्कूल ने संयुक्त रूप से गुरुवार को “वंदे मातरम् राष्ट्रभक्ति उत्सव” का आयोजन किया। इस अवसर पर विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने अनुशासनबद्ध होकर तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान छात्रों ने “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारे लगाए, जिससे पूरे क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का माहौल बन गया। कार्यक्रम में भाजपा राजस्थान के महामंत्री मिथिलेश गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वरिष्ठ अधिवक्ता जितेंद्र श्रीमाली विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि कांता गुप्ता ने समारोह की अध्यक्षता की। मंच पर डॉ. डेज़ी शर्मा, जननी संस्थान की संस्थापक अनु गुप्ता और कम ऑन यू कैन डू इट ग्रुप की संस्थापक श्रीमती शिवानी बैस भी उपस्थित थीं। मुख्य अतिथि मिथिलेश गौतम ने अपने संबोधन से विद्यार्थियों को प्रेरित किया। डॉ. डेज़ी शर्मा ने स्वागत भाषण में श्री गौतम के समर्पण, राष्ट्रभक्ति और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ़गौतम ने युवा नेतृत्व का एक सशक्त मॉडल प्रस्तुत किया है और अनेक छात्र नेताओं को दिशा देने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। अपने संबोधन में गौतम ने बच्चों को राष्ट्रभावना, अनुशासन और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता पर आधारित प्रेरक प्रसंग सुनाए। उन्होंने कहा, “देशभक्ति केवल बड़े कार्यों से नहीं, बल्कि रोज़मर्रा के छोटे-छोटे कर्मों से जन्म लेती है। जब विद्यार्थी अपने चरित्र, व्यवहार और निष्ठा से राष्ट्र के मूल्यों को अपनाते हैं, तभी वे सच्चे अर्थों में भारत माता की सेवा करते हैं।” गौतम ने छात्रों को भ्रम, दुष्प्रचार और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहने और देश के हित में कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने शिक्षा, कर्तव्यपालन और सामाजिक उत्तरदायित्व को एक सच्चे नागरिक की पहचान बताया। विशिष्ट अतिथि जितेन्द्र श्रीमाली ने कहा- देश सेवा केवल सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव जैसे सरल कार्यों से भी देश के प्रति हमारी निष्ठा दिखाई देती है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे सड़कों पर गंदगी न फैलाने और सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने जैसे छोटे-छोटे प्रयास भी निरंतर करें, क्योंकि यही सच्चे अर्थों में राष्ट्रनिर्माण की प्रक्रिया है। कार्यक्रम का संचालन शिवानी बैस ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनु गुप्ता द्वारा प्रस्तुत किया गया।


