अजमेर के नाले में तैरते दिखे 500-500 के नोट:डेयरी संचालक की नजर पड़ी तो जुटी भीड़, बच्चों ने नाले में कूदकर निकाले

अजमेर शहर के वार्ड नंबर 47 स्थित प्रकाश रोड के नाले में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नाले में पुराने 500-500 रुपए के नोट तैरते हुए दिखाई दिए। नाले के पास डेयरी का संचालन करने वाले डेयरी संचालक की नजर सबसे पहले इन नोटों पर पड़ी, जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। डेयरी संचालक ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधि ईश्वर राजोरिया को दी। जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते नाले के किनारे भीड़ जमा हो गई और लोग नोटों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे। बताया जा रहा है कि इसके बाद कुछ बच्चों ने नाले में कूदकर नोट बाहर निकालने शुरू किए। नाले से करीब 2 से 3 लाख रुपये के पुराने 500-500 के नोट बरामद किए गए हैं। सभी नोट पुराने बताए जा रहे हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि नोटों को जानबूझकर नाले में फेंका गया हो। फिलहाल नोट नाले में कैसे पहुंचे और किसके हैं, इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। स्थानीय लोग मामले की जानकारी प्रशासन और पुलिस को देने की बात कर रहे हैं। वहीं, पूरे घटनाक्रम को लेकर इलाके में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *