अजमेर के केंद्रीय बस स्टैंड पर सोमवार शाम करीब 7:30 बजे जमकर हंगामा हुआ। यह विवाद बस कंडक्टर और यात्री के बीच सीट पर बैठने को लेकर हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। कंडक्टर के पक्ष में भी कई लोग उतर आए तो युवक के साथ के लोगों ने भी हाथापाई कर दी। करीब आधे घंटे तक बस स्टैंड पर गहमागहमी का माहौल बना रहा। बस स्टैंड पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। लेकिन पहले दोनों पक्ष नहीं माने और पुलिस के सामने ही एक दूसरे से उलझते रहे। पुलिस दोनों पक्षों को सिविल लाइंस थाने ले गई। यहां समझाइश के बाद दोनों पक्षों को वापस भेज दिया गया। बस स्टैंड चौकी प्रभारी एएसआई सुवालाल ने बताया कि किसी भी पक्ष ने मामला दर्ज नहीं कराया है। दोनों को समझा कर भेज दिया गया।


