भारतमाला सड़क परियोजना को लेकर किसान महापंचायत के बैनर तले किसानों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। प्रदर्शन करते हुए किसानों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा, जिसमें भारतमाला सड़क परियोजना को तत्काल निरस्त करने की मांग की गई है। किसानों ने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। किसान महापंचायत अजमेर के जिला अध्यक्ष बालूराम भीचर ने बताया- अजमेर जिले के चार उपखंड में भारतमाला सड़क परियोजना के तहत किसानों की बेशकीमती जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है, जिसका किसान भारी विरोध कर रहे हैं और किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं देंगे। रोजी-रोटी का संकट आ जाएगा
जिला अध्यक्ष ने बताया कि इस क्षेत्र में जमीन की साइज बहुत छोटी है, और इस परियोजना के कारण कई किसान परिवार भूमिहीन हो जाएंगे, जिससे उनके रोजी-रोटी का संकट आ जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस जिले में किसान खेती के साथ-साथ पशुपालन का व्यवसाय भी करते हैं, और इस योजना से चारागाह भूमि भी अधिगृहीत हो रही है, जिससे पशुओं के चारे का संकट उत्पन्न हो जाएगा। इन्हीं कारणों से आज सभी किसानों ने कलेक्ट्रेट पर धरना देकर जिला कलेक्टर से इस परियोजना को निरस्त करने की मांग की है।


