अजमेर में पतंग की डोर में दोड़ा करंट, 4 झुलसे:दोनों बच्चों को बचाने आई मां-दादी भी चपेट में आई, सभी अस्पताल में भर्ती

अजमेर जिले के चितिवास गांव में पतंग की डोर में करंट आने से एक ही परिवार के चार जने झुलस गए। हादसा मकान की छत पर उस समय हुआ जब दो बच्चे पतंग उठा रहे थे और पतंग की डोर पास ही गुजर रही 11 हजार केवी बिजली लाइन से टकरा गई। जिससे डोर में करंट दौड़ गया। दोनों बच्चों को बचाने आई मां व दादी भी चपेट में आ गई। चारों को सावर में प्राथमिक उपचार के बाद केकड़ी रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार-सावर के निकट चितिवास गांव में रूपेश पुत्र रामलाल रैगर (15) व हेमंत कुमार रैगर पुत्र कैलाश रैगर (12) मकान की छत पर पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान पतंग की डोर में करंट आने लगा। दोनों चिल्लाए तो बच्चों को बचाने के लिए उनकी मां चांदू देवी पत्नी रामलाल रैगर (35) और दादी पानी देवी पत्नी गुदड रैगर (45) पतंग की डोर छुड़ाने पहुंचीं, लेकिन चारों ही करंट की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत डिस्कॉम को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद करवाई तथा सभी घायलों को सावर राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चारों की हालत को देखते हुए उन्हें केकड़ी जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने आबादी क्षेत्र से गुजर रही उच्च वोल्टेज बिजली लाइनों को हटाने या सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। (इनपुट सहयोग-बसंत माली)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *