अजमेर में बुधवार को हुई हल्की बूंदाबांदी ने ठंड व गलन बढ़ा दी है। सुबह से करीब 8 बजे तक कोहरा छाया रहा। उसके बाद हल्की धूप निकली। लेकिन सर्दी के तल्ख तेवर बरकरार है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन यलो अलर्ट के साथ ही घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। 16 व 17 को घना कोहरा छाया रहेगा। 18 से मौसम कुछ सामान्य होने की उम्मीद है, हालांकि विभाग ने अभी कोई चेतावनी या संदेश जारी नहीं किया है। बुधवार को दिन में धूप की लगातार लुकाछिपी रही। गलन बरकरार रहने से शीतलहर से जनजीवन पर असर देखा गया। बूंदाबांदी के कारण सर्दी बढ़ने के साथ ही चाय व पकौड़ी की दुकानों पर खासी भीड़ दिखी। शाम को चौपाटी पर लोग भी घूमने व मौसम का आनंद लेते दिखे। ये मौसम फसलों के लिए लाभकारी बताया जा रहा है। अधिकतम तापमान 16.9, न्यूनतम 10.2 दर्ज किया गया। बुधवार को बीते तीन दिनों के मुकाबले अधिकतम तापमान में भी 3.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इस कारण ठंडक ज्यादा हो गई। पिछले 72 घंटों का तापमान देखें तो बुधवार को सबसे कम अधिकतम तापमान रहा। बुधवार को 16.9 डिग्री अधिकतम व 10.2 न्यूनतम तापमान रहा, जबकि 14 को 20.5 अधिकतम व 8.0 न्यूनतम तापमान था। वहीं 13 को 18.5 अधिकतम व 7.8 न्यूनतम दर्ज किया गया। कृषि विशेषज्ञ बोले-ये अमृत है मौसम में लगातार गिरावट होने का असर फसलों पर देखा जा रहा है। खेतों में उगी फसलों पर सुबह सात बजे तक सफेद बर्फ की चादर बिछ गई। गलन व ओस गिरने के कारण सड़कें भी गीली हो रही हैं। कृषि विशेषज्ञ इस मौसम को रबी की फसलों के लिए लाभकारी बता रहे हैं।


