वीजा अवधि समाप्त होने का बावजूद लंबे समय से अजमेर में रह रहे एक नाइजीरियन छात्र को सीआईडी जोन की काउंटर टीम ने पकड़कर अलवर डिटेंशन सेंटर भिजवा दिया है। छात्र का नाम अब्दुल बसिट अयूबा मुहम्मद है। उसने भगवंत यूनिवर्सिटी में 2023 में बीएससी आईटी में दाखिला लिया था, लेकिन वह न तो यूनिवर्सिटी में क्लास लेने आया और न ही परीक्षा में शामिल हुआ। वीजा समाप्त होने के बावजूद अब्दुल यहां एक फ्लैट में रह रहा था। सूचना मिलते ही सीआईडी द्वारा जांच की गई तो सामने आया कि उसकी वीजा अवधि समाप्त हो चुकी है। अब्दुल को पकड़कर पूछताछ की गई, गृह विभाग के आदेशों पर उसे डिपोट करने तक डिटेंशन सेंटर भेजा गया। मालूम हो कि सीआईडी द्वारा पिछले माहों से अब तक वीजा नियमों के उल्लंघन के मामले में कुल 10 विदेशियों को पकड़ा जा चुका है। इनमें से 7 को डिपोट कर दिया गया, जबकि 3 को डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। सीआईडी सूत्रों के मुताबिक अब तक पकड़े गए 10 विदेशी छात्रों में से 1 नाइजीरिया, 5 यमन, 3 सूडान और 1 यूगांडा का रहने वाला है। सभी पंचशील सहित आसपास के क्षेत्रों में किराए के फ्लैट में रहते थे। वीजा अवधि समाप्त होने के वाबजूद यहां चोरी-छिपे रह रहे थे। देर रात तक आसपास के क्षेत्रों में घूमते थे, क्षेत्रवासियों की सूचना पर सीआईडी ने कार्रवाई को अंजाम दिया। सीआईडी एएसपी राजेश मीणा ने बताया कि यदि आप किसी विदेशी छात्र को घर या फ्लैट किराए पर देते हैं तो पासपोर्ट और वीजा की वैलेडिटी जरूर देखें, इसके साथ ही सी-फार्म अनिवार्य रूप से भरकर सीआईटी को सबमिट करें। यदि कोई इसे नजरअंदाज करता है तो नए प्रावधानों में इस तरह के विदेशियों को शरण देने वालों पर शिकंजा कसेगा।


