अजमेर शहर को नए पुलिस थाने की सौगात रविवार सुबह मिल गई है। विधानसभा अध्यक्ष व अजमेर-उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने पुरानी विश्राम स्थली स्थित एडीए भवन में हरिभाऊ उपाध्याय नगर (एचबीयू नगर) थाने का उद्घाटन किया। फिलहाल ये जगह अस्थाई होगी, बाद में इसे कोटड़ा के स्थाई भवन में निर्माण के बाद शिफ्ट किया जाएगा। एचबीयू नगर थाने के पहले थानाप्रभारी महावीर प्रसाद शर्मा का देवनानी सहित अधिकारियों ने साफा व माला पहनाकर स्वागत भी किया। बोले- थाना बनने से आमजन का विश्वास बढ़ेगा समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि नए थाने से जनता की उम्मीदें भी बढ़ी हैं और राजस्थान पुलिस को अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास के रूप में कानून का इकबाल रखना होगा। इस नए थाना क्षेत्र में आने वाले इलाकों में अतिक्रमण और जमीनों के अवैध कब्जों के कई मामले सामने आते रहे हैं। जिसको लेकर कानून व्यवस्था की स्थिति भी कई बार बिगड़ जाती है। इस नए थाने पर क्षेत्र की कानून व्यवस्था और आमजन में कानून के प्रति भरोसा बनाए रखना बेहद जरूरी है। भ्रष्टाचार मुक्त, अतिक्रमण मुक्त और सुशासन युक्त व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता है और पुलिस और प्रशासन को भी आमजन के लिए ऐसी व्यवस्था बनाए रखनी चाहिए। इस दौरान अजमेर DC महेश चंद शर्मा, अजमेर रेंज के DIG ओम प्रकाश, SP वंदिता राणा, ASP हिमांशु जांगिड़, CO रुद्र प्रकाश शर्मा सहित कई थानों के थाना अधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि जुलाई में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट घोषणा में इस थाने की घोषणा की थी। इससे क्रिश्चियन गंज थाने का दवाब कम होगा। अजमेर-उत्तर क्षेत्र में कई नवीन कॉलोनियां बन रही हैं। ऐसे में इस नए थाने से राहत मिलेगी। इन इलाकों में लगेगा थाना क्षेत्र थाना क्षेत्र में हरिभाउ उपाध्याय नगर मुख्य एवं विस्तार, बीके कौल नगर, ज्ञानविहार, कोटडा, नौसर गांव, बैरवा बस्ती, रीजनल कॉलेज, गणपति नगर, हरिभाऊ उपाध्याय नगर पुलिस चौकी का सम्पूर्ण क्षेत्र, सेवन वंडर्स, गणपति समारोह स्थल, एमपीएस स्कूल, करणी विहार कॉलोनी, नई चौपाटी, अलखनंदा कॉलोनी, रातीडांग तिराहे से रातीडांग ग्राम, एमपीएस स्कूल व उसके सामने से आनासागर (जल क्षेत्र) का सम्पूर्ण क्षेत्र कई छोटे बड़े प्रतिष्ठान, फ्लैट, विद्यालय एवं अस्पताल हैं। थानाप्रभारी समेत 21 को किया नियुक्त एसपी वंदिता राणा ने एचबीयू नगर थाने में पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया है। थानाप्रभारी के पद पर निरीक्षक महावीर प्रसाद शर्मा को लगाया , वहीं दो सहायक उप निरीक्षक जयलाल, जगमाल दाहिमा लगाए गए। इनके अलावा हैडकांस्टेबल नरेन्द्रसिंह, प्रभुलाल, चैनाराम, मुस्ताक अहमद समेत 11 कांस्टेबल व 3 महिला कांस्टेबल तैनात किए है।


