कोटा शहर के नयापुरा थाना क्षेत्र के खाई रोड इलाके में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक अज्ञात बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो चालक डिवाइडर पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और घायल ऑटो चालक को एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शंभू केवट के रूप में हुई है, जो किराए पर ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। पड़ोसियों ने बताया कि हादसा रात करीब 11 बजे खाई रोड करबला इलाके में हुआ। बाइक सवार को बचाने के दौरान ऑटो अनियंत्रित हुआ और डिवाइडर से टकराकर पलट गया। नीचे गिरने से शंभू के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शंभू केवट के परिवार में पांच बेटियां और एक छोटा बेटा है। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और गरीब परिवार से ताल्लुक रखता था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नयापुरा थाना पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखवाया है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


