दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर-जबलपुर स्टेट हाईवे 15 पर रविवार रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक किसान की मौत हो गई। सोमवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे किसान का शव देखा, जिसके बाद तेंदूखेड़ा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। शव को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में रखवाया गया। परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक की पहचान बगदरी निवासी 55 वर्षीय भगवानदास पिता डेलन गौड़ के रूप में हुई है। मृतक के बेटे करोड़ी गौड़ ने बताया कि उनके पिता रविवार को गांव के अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर से धान की दराई कराने के लिए झलौन गांव गए थे। उन्होंने अपनी धान की दराई कराकर ट्रैक्टर से वापस भेज दी थी, लेकिन कुछ काम से झलौन में ही रुक गए थे और थोड़ी देर बाद घर आने की बात कही थी। करोड़ी गौड़ ने आगे बताया कि पूरी रात पिता घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने सोचा कि शायद वे बुआ के यहां रुक गए होंगे। हालांकि, सोमवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके पिता का शव सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा हुआ है।


