मझिआंव | मझिआंव-गढ़वा मुख्य पथ पर बकोइया गांव में गुरुवार को देर शाम में अज्ञात वाहन के धक्के से नीलगाय का बच्चा घायल हो गया। इसके बाद बकोइया गांव के प्रकाश पाठक द्वारा गढ़वा डीएफओ अंशुमान को दूरभाष पर खबर कर नीलगाय का रेस्क्यू कर उसके टूट चुके पैर का इलाज कराने की मांग की, लेकिन 24घंटे गुजर जाने के बाद भी रेस्क्यू नहीं हो पाया है। बताया जाता है कि अगर नीलगाय के बच्चे का वन विभाग द्वारा रेस्क्यू नहीं किया गया तो रात में ही कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उसे मारकर खाने का प्लान बना लिया गया है। इस संबंध में शुक्रवार को शाम पांच बजकर तीस मिनट पर मोबाइल फोन से रेंजर प्रमोद कुमार ने पूछने पर बताया कि उनको खबर मिल गई है और रेस्क्यू के लिए टीम के लोग निकल गए हैं। गढ़वा | सदर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी स्वर्गीय विनय राम का पुत्र आवेश राज नौ वर्ष शुक्रवार को छत से गिरकर घायल हो गया। उसे इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि आवेश राज अपने घर के छत पर बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी क्रम में बिना रेलिंग के छत होने के कारण वह गिरकर घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने उसे गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। गढ़वा | मेराल थाना क्षेत्र के दुलदुलवा गांव निवासी शहबुद्दीन अंसारी की पत्नी सैरुण बीबी 30 वर्ष शुक्रवार को मोटरसाइकिल के चपेट में आने से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि सैरुन बीबी अपने घर के पास सड़क पार कर बच्चों को लाने जा रही थी। इसी क्रम में गांव के ही एक मोटरसाइकिल सवार ने उसे धक्का मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने उसे गंभीर स्थिति में गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है।


