सिंगरौली जिले के डिग्री कॉलेज बैढ़न में पदस्थ अतिथि विद्वान शिवेश साकेत की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। उन पर एक छात्रा से अश्लील बातचीत करने का गंभीर आरोप है। छात्रा की शिकायत पर महिला थाना बैढ़न में मामला दर्ज होने के बाद उच्च शिक्षा विभाग और प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। पीड़िता एमएससी थर्ड सेमेस्टर की छात्रा ने महिला थाना बैढ़न में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि अतिथि विद्वान शिवेश साकेत ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए उससे अश्लील बातें कीं। आरोप है कि रविवार को आरोपी ने छात्रा पर अकेले कॉलेज आने का दबाव भी बनाया। छात्रा के अनुसार, यह बातचीत रात 8:41 बजे और फिर रात 10:39 बजे हुई, जिसमें आरोपी की भाषा आपत्तिजनक थी। फायदा उठाने का प्रयास छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह एटीकेटी पेपर में शामिल नहीं हो पाई थी। आरोप है कि आरोपी ने इसी स्थिति का फायदा उठाने का प्रयास किया। छात्रा के अनुसार, आरोपी की मंशा पहले से ही संदिग्ध लग रही थी, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया। महिला पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर अतिथि विद्वान शिवेश साकेत के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(1)(ii) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने भी एक आंतरिक जांच समिति गठित की है। सोमवार दोपहर 1 बजे छात्रा ने कॉलेज की पांच सदस्यीय जांच समिति के समक्ष अपना पक्ष रखा। इस मामले में शिक्षा विभाग ने त्वरित संज्ञान लिया। सोमवार को भोपाल से आदेश जारी कर आरोपी अतिथि विद्वान शिवेश साकेत की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं। पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई जारी है।


