अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा बोकारो प्रेस क्लब का भवन : डीसी

बोकारो प्रेस क्लब भवन को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की ओर से ठोस पहल की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में डीसी अजय नाथ झा ने कैंप-टू स्थित चिह्नित भूमि पर प्रेस क्लब भवन निर्माण को लेकर जिले के विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह उपस्थित थे। बैठक के दौरान प्रस्तावित प्रेस क्लब भवन में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने बताया कि भवन में पार्किंग व्यवस्था, रेस्टूरेंट, आधुनिक वर्क स्टेशन, गेस्ट रूम, कॉन्फ्रेंस हॉल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि पत्रकारों को कार्य करने के लिए एक बेहतर और अनुकूल वातावरण मिल सके। डीसी ने जानकारी दी कि सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय रांची से प्रेस क्लब भवन निर्माण के लिए सैद्धांतिक अनुमति प्राप्त करने एवं आवंटन उपलब्ध कराने को लेकर लेकर जिला से पत्राचार किया गया है। उन्होंने जनसंपर्क पदाधिकारी को जरूरी दिशा-निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सके। उपस्थित विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने भी सुझाव रखे। बैठक में सर्व सहमति से रांची प्रेस क्लब के बायलाज को अंगीकृत करने का निर्णय लिया गया। वहीं, पत्रकारों की एक अंतरिम समिति गठित करने का निर्णय भी लिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *