अधिकारी पर कमर पकड़ने, छाती पर हाथ रखने का आरोप:नर्मदापुरम में महिला ने की सहायक संचालक की शिकायत; नौकरी से निकालने की धमकी दी

नर्मदापुरम में महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक संजय जैन के खिलाफ छेड़छाड़ और एससी-एसटी एक्ट का केस दर्ज किया गया है। विभाग में ही काम करने वाली 42 वर्षीय महिला का कहना है कि वह जब भी जैन के कैबिन में जाती है, वे घूरते हैं। कई बार हाथ पकड़ लेते हैं। विरोध करने पर नौकरी से हटाने की धमकी देते हैं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 1 दिसंबर को दोपहर 2.30 बजे लंच के समय वह ऑफिस की छत पर टहल रही थी। इसी दौरान जैन छत पर आए। उससे छेड़छाड़ करने लगे। डर की वजह से उसने किसी को यह बात नहीं बताई। इसका फायदा उठाकर वे लगातार परेशान करने लगे। तंग आकर महिला ने 12 जनवरी को जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) ललित डहेरिया से शिकायत की। उन्होंने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद पीड़िता गुरुवार को महिला थाने पहुंची और जैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। थाना प्रभारी हेमलता मिश्रा ने जांच के बाद आगे कार्रवाई करने की बात कही है। बोली- मैंने चिल्लाने की कोशिश की तो मुंह दबाया
महिला ने पुलिस को बताया- अक्टूबर 2025 में सहायक संचालक संजय कुमार जैन ने पद संभाला। उपस्थिति रजिस्टर को अपने कैबिन में रखवा लिया। मैं इसमें साइन करने या किसी काम के सिलसिले में जैन के कैबिन जाती थी, वह मुझे घूरता रहता था। कहता था कि तेरा नौकरी करना मुश्किल कर दूंगा। मैं उसकी हरकतों को नजरअंदाज करती रही। 1 दिसंबर 2025 को दोपहर में ऑफिस की छत पर घूम रही थी, तभी संजय जैन आया और पीछे से मेरी कमर पकड़ ली। छाती पर हाथ लगाया। चिल्लाने की कोशिश की तो उसने मेरा मुंह दबा दिया। धमकाते हुए बोला कि अगर किसी को बताया तो नौकरी नहीं करने दूंगा। जान से खत्म करने की धमकी भी दी। डर के कारण मैं चुप रही, लेकिन उसने और अधिक परेशान करना शुरू कर दिया। वह अलग-अलग तरीके से परेशान करता है। पिछले तीन महीने से प्रताड़ना सह रही हूं। परेशान होकर परिवार की सहमति से जिला कार्यक्रम अधिकारी से लिखित शिकायत करने का फैसला लिया, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। कहा- पैसे कमाने के और भी बहुत से काम हैं
महिला ने कहा- सहायक संचालक जैन ने मुझे दो बार कारण बताओ नोटिस दिए। मैंने इसके लिखित जवाब दिए। मैं उसके पास हाथ जोड़कर निवेदन करने गई कि गलत आरोप लगाकर नोटिस न दे। मेरी नौकरी चली जाएगी। इस पर जैन ने कहा- मैं भी देखता हूं, तुम कब तक जवाब लिखती हो। अभी तो मैं सहायक संचालक हूं। दो साल बाद जब डीपीओ बनूंगा, तब तुम कैसे नौकरी करोगी। कितनी सैलरी मिलती है तुमको, इससे ज्यादा पैसा कमा सकती हो। अभी उम्र ही क्या है तुम्हारी। दूसरे और भी बहुत से काम हैं, पैसे कमाने के। पूछा- वॉशरूम में इतना टाइम क्यों लगता है
महिला ने बताया- मेरे भोजन करने जाने से लेकर शौचालय जाने पर तक नजर रखी जाती है। मुझसे पूछा जाता है कि कौन से वॉशरूम में जाती हो, इतना टाइम क्यों लगता है? बार-बार क्यों वॉशरूम जाना पड़ता है? मेरे सहन करने की हद तो तब समाप्त हो गई, जब मुझे बताना पड़ा कि मेरे पीरियड चल रहे हैं। पैड चेंज करना था, इसलिए समय लग गया वॉशरूम में। सहायक संचालक बोले- नोटिस दिया तो आरोप लगाए
आरोपों पर सहायक संचालक संजय जैन ने कहा- महिला लगातार गैरमौजूद रहती हैं। फरवरी 2025 में 11 दिन अनुपस्थित थीं। डीपीओ ने 11 महीने में फरवरी, मार्च, सितंबर, अक्टूबर 2025 में चार नोटिस दिए। दफ्तर का काम प्रभावित होने से दिसंबर 2025 में मैंने दूसरे कर्मचारी की भर्ती के लिए कंपनी को पत्र लिखा। इसी कारण मुझ पर झूठे आरोप लगा रही है। मेरे चेंबर में पारदर्शी कांच लगा है, जिससे हर हरकत को बाहर से ही देखा जा सकता है। खबर पर आप अपनी राय यहां दे सकते हैं… ये खबर भी पढे़ं… पीड़िता का आरोप- नेता, अफसर मेरी बोली लगाते रहे शिवपुरी नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा के बेटे रजत शर्मा पर शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने कहा- शिवपुरी के बड़े नेता और अधिकारी 14 से 30 अप्रैल तक रोज बैठकर मेरी बोली लगाते थे। मेरे घर आए दिन गुंडे भेजे जाते थे। मुझे गंदी-गंदी गालियां दी जाती थीं सिर्फ इसलिए कि मैं अपनी शिकायत वापस ले लूं। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *