रांची| जिला विधिक सेवा प्राधिकार रांची के तत्वावधान में सोमवार को व्यवहार न्यायालय रांची के मीटिंग हॉल में अधिवक्ताओं और उनके क्लर्कों के लिए ई-कोर्ट सेवाओं पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर न्यायायुक्त दिवाकर पांडे, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय एसएस फातमी, एजेसी-15 अमित शेखर, निबंधक प्रशांत कुमार वर्मा और रांची जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शंभु प्रसाद अग्रवाल तथा महासचिव संजय विद्रोही ने किया। इस अवसर पर न्यायायुक्त दिवाकर पांडे ने कहा कि आज के समय में ई-कोर्ट सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है। आने वाले समय में ई-फाइलिंग, ई-पेमेंट और आईसीजेएस सुविधाएं सुचारू रूप से संचालित होंगी, जिससे अधिवक्ता, मुवक्किल और आम जनता को काफी लाभ मिलेगा। रांची जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संजय विद्रोही ने कहा कि आज के समय में अधिवक्ताओं की निर्भरता ई-कोर्ट ऐप पर हो गई है, और सभी आदेशों व कार्यों का संक्षिप्त विवरण उसी में अपलोड किया जाना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन निबंधक सह न्यायिक दंडाधिकारी प्रशांत कुमार वर्मा ने किया। अधिवक्ताओं एवं उनके क्लर्कों को ई-कोर्ट, ई-फाइलिंग और ई-पेमेंट का प्रशिक्षण डीएसए भास्कर एवं साजिद द्वारा दिया गया।


