शहर में एक ओर जहां अनकंवर्ट कॉलोनियों में सड़क निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है, वहीं नगरपरिषद की अपनी ही कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी कर रही है। खेल संकुल के पास स्थित जवाहर कॉलोनी को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में है, लेकिन जिम्मेदारों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। यह मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई डामर के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों के फिसलने की घटनाएं आम हो गई हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। गड्ढों में पानी भर जाने से फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नगरपरिषद अनकंवर्ट कॉलोनियों में सड़कें बना रही हैं, लेकिन जहां परिषद की सीधी जिम्मेदारी बनती है, वहां लापरवाही बरती जा रही है। लोगों ने सवाल उठाया है कि जब अपनी ही कॉलोनी की सड़क दुरुस्त नहीं हो पा रही है, तो शहर विकास के दावे कैसे किए जा सकते हैं। जवाहर कॉलोनी सहित शहर के 45 वार्डों में सड़कों का निर्माण होगा। जिनके लिए निविदाएं जारी कर दी गई है। जहाँ भी लोग सड़क बनाने की मांग रहे हैं वहाँ भी सड़कें बनाई जाएंगी। -मनीष सिंह, एक्सईएन, नगर परिषद, झालावाड़


