अनागत प्रश्नों पर विधानसभा समिति सख्त, बोकारो में विकास योजनाओं की समीक्षा की

सिटी रिपोर्टर | बोकारो झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति ने बुधवार को बोकारो जिले का दौरा किया। इस दौरान विभिन्न विकासात्मक योजनाओं व अनागत प्रश्नों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बोकारो परिसदन में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सुरेश पासवान ने की। जबकि टुंडी के विधायक मथुरा महतो भी बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान समिति के अध्यक्ष सुरेश पासवान ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विधानसभा में पूछे गए अनागत प्रश्नों का गंभीरता से अध्ययन कर उनका सटीक, तथ्यपरक व अद्यतन उत्तर लिखित रूप में समिति को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि अनागत प्रश्न जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं से सीधे जुड़े होते हैं। इसलिए इनके उत्तर में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अस्पष्टता स्वीकार्य नहीं होगी। बैठक में विभागवार अनागत प्रश्नों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। समिति द्वारा स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, जल संसाधन, विद्युत, पंचायती राज, पर्यटन, भूमि संरक्षण, विशेष प्रमंडल, शिक्षा, खान एवं भूतत्व विभाग, गृह कारा, वन विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग व जिला समाज कल्याण विभाग सहित अनेक विभागों की योजनाओं व कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों से कार्य प्रगति प्रतिवेदन प्राप्त कर योजनाओं की अद्यतन स्थिति, प्रगति और व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा की गई। योजनाओं पर लापरवाही पर की जाएगी कार्रवाई समिति के अध्यक्ष सुरेश पासवान ने कहा कि राज्य सरकार की विकासात्मक योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने, समय पर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने तथा जवाबदेही की संस्कृति को मजबूत करने का निर्देश दिया। बैठक में जिले के सभी प्रमुख पदाधिकारी आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *