कटनी की एक महिला की मैहर में सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना सोमवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर नादान ग्राम के पास हुई। दरअसल, मृतक अपने दिवंगत पति की अस्थियां विसर्जन करने प्रयागराज जा रही थी। अस्थियां विसर्जन करने प्रयागराज जा रहा था परिवार कटनी जिले के एनकेजे थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रिया निवासी कालूराम पटेल (90) का बीते 23 दिसंबर को बीमारी के कारण निधन हो गया था। सोमवार शाम को उनकी पत्नी घोगा बाई पटेल (85) अपने परिवार के 16 सदस्यों के साथ एक ‘तूफान’ गाड़ी में सवार होकर पति की अस्थियां विसर्जन करने प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुई थीं। अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराया वाहन मैहर में रुककर चाय पीने के बाद परिवार ने आगे का सफर शुरू किया। मैहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर नादान ग्राम के पास रात्रि करीब 10:30 बजे उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बुजुर्ग महिला घोगा बाई पटेल (85) की मौके पर ही मौत हो गई। उनके अलावा संतराम पटेल (55), सत्यम पटेल (23), मैंकू पटेल (70) निवासी पटवारा और जतिन पियास प्यासी ग्राम हिरवारा थाना एनकेजी निवासी की भी जान चली गई। लोग बोले-ड्राइवर ने घबराहट में वाहन से खोया नियंत्रण हादसे में जगदीश पटेल (55), राम सहाय (18), श्याम पटेल (18), गुलशन पटेल (18), कृष्ण पटेल (7), रामप्रसाद (58) और सत्यमन (22) घायल हुए हैं। हादसे के चश्मदीद राम सहायक पटेल ने बताया कि वाहन सामान्य गति में ही चल रहा था, लेकिन चालक को अजीब सा साया दिखाई दिया, जिससे वह घबरा गया और वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। इसी घबराहट में गाड़ी सीधे खड़े ट्रक में जा घुसी। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा ड्राइवर को नींद आने की वजह से हुआ या किसी अन्य तकनीकी कारण से।


