अनिरुद्धपुर बैरियर में कार्रवाई, पूछताछ में पता चला- मजदूरी के बदले 9 मजदूरों को दिया गया धान

भास्कर न्यूज | रामचंद्रपुर धान खरीदी के सीजन में बिचौलियों और अवैध आवक पर लगाम कसने के लिए बलरामपुर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कलेक्टर राजेंद्र कटारा के मार्गदर्शन में प्रशासनिक टीम ने रामानुजगंज और रामचंद्रपुर क्षेत्र के अनिरुद्धपुर बैरियर पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 192 बोरी धान जब्त किया है। यह धान झारखंड के रास्ते छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था। एसडीएम आनंद राम नेताम के नेतृत्व में की गई इस जांच के दौरान ट्रक क्रमांक बीआर 24 जीए 5452 को रोका गया। पूछताछ में पता चला कि रामचंद्रपुर क्षेत्र के 9 मजदूर परिवार बिहार के रोहतास जिले में धान कटाई के लिए गए थे। वहां उन्हें मजदूरी के बदले 192 बोरी धान मिला था, जिसे वे अपने गृह ग्राम सिलाजु लेकर लौट रहे थे। प्रशासन को अंदेशा था कि यह धान बिचौलियों के हाथ लग सकता है, जो इसे सरकारी केंद्रों पर अवैध रूप से खपा सकते थे। कलेक्टर के निर्देश पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उक्त धान को तत्काल ग्राम पंचायत चेरवाड़ी के सरपंच और सचिव की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। एसडीएम आनंद राम नेताम ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल निगरानी और व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई है। उन्होंने बताया, मजदूरों ने प्रशासन का सहयोग किया है। हमने उन्हें आश्वस्त किया है कि जैसे ही धान खरीदी का सत्र समाप्त होगा, उनकी मेहनत का यह धान उन्हें सुरक्षित वापस लौटा दिया जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सीमाओं पर निगरानी जारी रहेगी और अवैध परिवहन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *