अनूपपुर में कार-बाइक की भिड़ंत, एक की मौत:कार चालक मौके से फरार; दूसरा बाइक सवार लापता

अनूपपुर-राजेंद्रग्राम मार्ग पर मैदा फैक्ट्री के पास रविवार सुबह करीब 11:30 बजे एक कार और बाइक में भिड़ंत हो गई। यह दुर्घटना कोतवाली थाना अनूपपुर से लगभग 4 किलोमीटर दूर हुई। हादसे में बाइक चालक 29 वर्षीय मनेश्वर पटेल निवासी दुलहरा की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। दोपहर 3 बजे शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। बताया जा रहा है कि बाइक पर दो लोग सवार थे, लेकिन दूसरे युवक के संबंध में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। एक साल पहले हुई थी शादी मृतक के चाचा उमेश पटेल ने बताया कि वे सब्जी मंडी से करीब 12 बजे सब्जी बेचकर लौट रहे थे, तभी उन्हें घटना की जानकारी मिली। परिजनों के अनुसार, मनेश्वर पटेल अपने परिवार के इकलौते संतान थे और अनूपपुर में एक हार्डवेयर की दुकान पर काम करते थे। उनकी शादी एक वर्ष पूर्व ही हुई थी। मनेश्वर पटेल अपनी बाइक (एमपी 65 जेडसी 4865) से सुबह अनूपपुर की ओर आ रहे थे, जबकि कार (एमपी 65 सी 5208) अनूपपुर से राजेंद्रग्राम की ओर जा रही थी। घटनास्थल पर मौजूद बाइक और कार की हालत देखकर लगता है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *