अनूपपुर में जैतहरी पुलिस ने एक चोरी की बाइक बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने जैतहरी बस्ती निवासी प्रदीप सोनी (28) को गिरफ्तार किया है। मोटरसाइकिल 4 दिसंबर को पत्ता गोदाम के पास से चोरी हुई थी। शिकायतकर्ता संतोष कुमार राठौर, जो सोनमौहरी गांव के निवासी हैं और साउंड सर्विस का काम करते हैं, 6 दिसंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर को वे अमित गुप्ता के भाई की शादी में साउंड सर्विस चलाने गए थे। संतोष अपने पिता नर्मदा प्रसाद राठौर की मोटरसाइकिल (क्र. एम.पी. 65 एम.डी. 5031) चलाकर लाए थे। उन्होंने बाइक को पत्ता गोदाम के पास सड़क किनारे खड़ा कर दिया था और बारात में साउंड चलाया। जैतहरी पुलिस ने बाइक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया रात करीब 2 बजे साउंड सर्विस बंद करने के बाद जब वे घर जाने के लिए अपनी बाइक के पास पहुंचे, तो वह वहां नहीं थी। संतोष ने बताया कि कोई अज्ञात चोर उनकी बाइक चुरा ले गया था। उन्होंने जैतहरी और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने जैतहरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान, जैतहरी पुलिस ने चोरी हुई बाइक सहित आरोपी प्रदीप सोनी, पिता स्व. कमला प्रसाद सोनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बाइक जब्त कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है।


