अनूपपुर में फ्लाईओवर निर्माण में 9 साल की देरी:भगवा पार्टी ने जल्दी काम के लिए किया अनुष्ठान, हनुमान चालीसा का किया पाठ

अनूपपुर में बहुप्रतीक्षित रेलवे फ्लाईओवर के निर्माण में 9 वर्षों की देरी के विरोध में भारतीय गण वार्ता पार्टी (भगवा पार्टी) ने शनिवार, 13 दिसंबर को निर्माण स्थल पर 108 हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया। यह आयोजन वन विभाग कार्यालय के सामने, फ्लाईओवर ब्रिज के प्रारंभिक हिस्से पर हुआ। पार्टी का उद्देश्य निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करना और प्रशासन, निर्माण एजेंसी तथा संबंधित विभागों को सद्बुद्धि प्रदान करना था। कार्यक्रम के अंत में विधिवत हवन-यज्ञ और प्रसाद वितरण भी किया गया। भगवा पार्टी के जिला अध्यक्ष पं. कन्हैयालाल मिश्रा ने बताया कि सनातन संस्कृति में किसी महत्वपूर्ण कार्य के लंबे समय तक बाधित रहने पर ईश्वर से मार्गदर्शन के लिए यज्ञ, मंत्रोच्चारण और हनुमान चालीसा पाठ किया जाता है। उन्होंने कहा, “कवन सो काज सकल जग माहीं, जो नहि होय तात तुम पाहिं” की भावना के साथ यह आयोजन किया गया है, ताकि लंबित फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा हो सके और नगरवासियों को राहत मिले। उल्लेखनीय है कि फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण अधूरा रहने से नगर का समग्र विकास प्रभावित हुआ है। इससे व्यापारिक गतिविधियाँ बाधित हुई हैं, यातायात व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई है, और आम नागरिकों को अस्पताल, स्कूल तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुँचने में कठिनाई हो रही है। जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और नागरिकों द्वारा बार-बार मांग उठाने के बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि वर्षों से लंबित विकास कार्य को गति देने का सामूहिक संकल्प है। उनका उद्देश्य है कि हनुमान चालीसा की ऊर्जा से बाधाएँ दूर हों और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए कार्य को शीघ्र पूरा करें। कार्यक्रम के समापन पर भगवा पार्टी ने घोषणा की कि आगामी चरण में सुंदरकांड पाठ और लंका दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसका लक्ष्य प्रशासन पर आध्यात्मिक और नैतिक दबाव बनाना है, ताकि फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *