अनूपपुर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। गुरुवार को रामनगर और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर दो महिलाओं सहित चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से कुल 4 किलो 272 ग्राम गांजा और एक बाइक जब्त की गई है। रामनगर थाना पुलिस ने एक मामले में 3 किलो गांजा और एक बाइक के साथ एक कारोबारी को पकड़ा। थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि दुर्गेश मेहरा (24 ) गांजा लेकर राजनगर की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सेमरा गांव के पास घेराबंदी की और संबंधित बाइक को रोका। जांच के दौरान बाइक की डिग्गी से 3.093 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ से गांजा लाकर राजनगर के स्थानीय बाजार में बेचने वाला था। पुलिस ने जब्त गांजे की कीमत 1.50 लाख रुपए और बाइक की कीमत 1 लाख रुपए आंकी है। आरोपी दुर्गेश मेहरा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि आरोपी पर पूर्व में महेंद्रगढ़ थाने में भी गांजा तस्करी का मामला दर्ज था, जिसमें वह जेल जा चुका है। यहां पकड़ाई महिलाएं दूसरी ओर कोतवाली पुलिस अनूपपुर ने गांजा के अवैध कारोबार में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 1 किलो 174 ग्राम गांजा जब्त किया गया। थाना प्रभारी अरविंद जैन ने बताया कि अनूपपुर की पुरानी बस्ती में छापामार कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में पुरानी बस्ती, वार्ड नंबर 15 निवासी सुनीता बाई कोरी (62) को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 451 ग्राम गांजा (कीमत 22550 रुपए) मिला। पुरानी बस्ती, वार्ड नंबर 10 निवासी मिथलेश सोनी को भी पकड़ा गया, जिनसे 383 ग्राम गांजा (कीमत 19150 रुपए) जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त, ताराडांड से रामदास गोंड (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 340 ग्राम गांजा (कीमत 17000 रुपए) बरामद हुआ।


