अपनी मांगों को लेकर मजदूरों ने दिया धरना नेता ने कहा- मजदूरों का शोषण बर्दाश्त नहीं

भास्कर न्यूज | सिमडेगा नगर परिषद कार्यालय के निकट झारखंड मजदूर यूनियन के तत्वावधान में मजदूरों ने विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना दिया। इस मौके पर झारखंड प्रदेश मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, खुशी राम कुमार, महावीर बड़ाइक, रामजी यादव मुख्य रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में शामिल रेजा, कुली व राज मिस्रियों ने उपायुक्त को मांग पत्र भी सौंपा। धरना को संबोधित करते हुए यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में मजदूरों को शोषण हो रहा है। मजदूरों के शोषण के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में जितने भी विकास योजनाएं चलाई जा रही है, सभी में मजदूरों को कम मजदूरी दी जा रही है। सिंह ने कहा कि इसकी शिकायत कई बार उच्चाधिकारियों से की गई है किंतु इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। परिणाम स्वरूप ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। प्रशासनिक पदाधिकारी उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं करते। उन्होंने कहा कि अपने अधिकार के लिए सभी मजदूरों को एकजुटता को परिचय देते हुए आगे आना होगा तथा अधिकार को लेकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि मजदूर अपने अधिकार को समझें और संगठन को मजबूत बनाने का काम करें। मौके पर कहा गया कि बानो और बोलबा में बन रहे एकलव्य विद्यालय में काम कर रहे मजदूरों को कम मजदूरी दी जा रही है। कहा गया कि ज्यादातर सरकारी योजनाओं में लगे मजदूरों को 250 से 300 रुपए तक मजदूरी भुगतान किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कुरबान खान, शेख अली, अनिता देवी, रामलखन प्रसाद, रानू कुमार, प्रेम सिंह, चिंतामणि सिंह, अघनु लोहरा, मसरूद्दीन खान के अलावा काफी संख्या में कुली, रेजा व राजमिस्त्री उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *